Tamil Nadu Politics : तमिलनाडु की राजनीति में कथित विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है. अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी टीवीके ने आरोप लगाया है कि उसके 15 विधायकों को धन का लालच देकर सरकार गिराने की साजिश रची गई.
मामला TVK विधायक एन. इलैयाराजा की शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक कंसल्टेंसी फर्म के कर्मचारी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. विधायक का आरोप है कि उनसे संपर्क कर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ समर्थन देने और राजनीतिक समीकरण बदलने के बदले 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई. इलैयाराजा का दावा है कि यह सिर्फ उन्हें प्रभावित करने की कोशिश नहीं थी, बल्कि TVK के कुल 15 विधायकों को निशाना बनाने की योजना थी. उन्होंने मामले की विस्तृत शिकायत पुलिस को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
TVK ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के तार सत्तारूढ़ डीएमके के कुछ नेताओं से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, DMK की ओर से इन आरोपों को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और पार्टी ने किसी भी तरह की संलिप्तता स्वीकार नहीं की है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां कॉल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित साजिश के पीछे कौन लोग शामिल थे. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.