देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक नौ वर्षीय बालक की नरबलि देने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया. इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि 17 अप्रैल को ग्राम पटखौली निवासी सोमनाथ गौड़ ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका भतीजा आरुष 16 अप्रैल की शाम से लापता है. इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर शुक्रवार को जयप्रकाश गौड़ को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया. जयप्रकाश की निशानदेही पर पुलिस ने इंद्रजीत कुमार गौड़ उर्फ अतुल कुमार और उसके मौसी के लड़के भीम गौड़ को सदर कोतवाली क्षेत्र के देवरिया को मिसकारी गांव के पास से हिरासत में लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों की जांच तेज कर दी है.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है, और पुलिस ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि हत्यारा रिश्ते में मृतक बच्चे का फूफा लगता है.
मुख्य आरोपी फूफा सहित अन्य आरोपियों ने मिलकर तंत्र-मंत्र के चक्कर में मासूम की जान ले ली. इसके बाद शव को गड्ढे में दफना दिया. फिर शव को वहां से निकाल कर सरयू नहीं में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. दावा किया जा रहा है कि मुख्य आरोपी पेशे से पुलिस विभाग में सिपाई है. सिपाही ने गुनाह कबूल कर पुलिस को बताया कि उसने तंत्र-मंत्री के चक्कर में बच्चे की हत्या की है.