Nashik TCS Controversy: नासिक के टीसीएस मामले में नया मोड़ आ गया है. पुलिस जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी निदा खान पिछले दो महीने से ठाणे के मुंब्रा इलाके में अपने पति के साथ रह रही थी. इस जानकारी के बाद नासिक पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने निदा के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, अभी तक पति से निदा के कथित गतिविधियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है, लेकिन पूछताछ जारी रखी जा रही है.
नासिक SIT की टीम ठाणे के मुंब्रा पहुंची
नासिक की SIT टीम इस मामले की जांच के सिलसिले में ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में पहुंच गई. टीम ने वहां स्थानीय मुंब्रा पुलिस स्टेशन में संपर्क किया और निदा खान की तलाश में समन्वय के साथ काम शुरू किया. टीम के साथ निदा खान का एक रिश्तेदार भी था, जिसकी मदद से इलाके में उसकी संभावित मौजूदगी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. SIT का दस्ता मुंब्रा पुलिस स्टेशन में करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक रुका रहा और आसपास की पूछताछ तथा निगरानी की गई.
निदा खान AGM पद पर काम करती थी
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि निदा खान कंपनी में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) के पद पर तैनात थी. पुलिस का आरोप है कि उसने अपने पद का गलत फायदा उठाते हुए कई मामलों को दबाने की कोशिश की और कुछ अन्य आरोपियों को अपने इशारों पर काम करने के लिए कहा.
निदा का मूल निवास भिवंडी, फिर मुंब्रा शिफ्ट
पुलिस सूत्र बताते हैं कि निदा खान मूल रूप से ठाणे के भिवंडी की रहने वाली है. कुछ साल पहले वह मुंब्रा चली गई थी. बीच में कुछ समय नासिक में भी रही. हाल में पिछले दो महीनों से वह मुंब्रा में अपने पति के साथ रह रही थी.
मामले की शुरुआत कब हुई?
यह पूरा विवाद 26 मार्च को सामने आया जब नासिक के देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई. शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि जुलाई 2022 से उसे शादी का झूठा वादा देकर धोखे में रखा गया था. इस शिकायत में निदा खान को तीसरे नंबर पर आरोपी बनाया गया है.
निदा पर क्या आरोप हैं?
निदा खान मुख्य आरोपी दानिश शेख की बहन है. शिकायतकर्ता का कहना है कि निदा और उसके साथियों ने मिलकर सच्चाई छुपाने की कोशिश की. जब पीड़िता ने परिवार से बात करने की कोशिश की तो उसे टालमटोल के जवाब दिए गए.
किन धाराओं में केस दर्ज है?
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 75, 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. जांच इन धाराओं के आधार पर आगे बढ़ रही है.
अब तक कितने लोग गिरफ्तार?
पुलिस के अनुसार अब तक दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एक महिला प्रबंधक (संचालन) को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन सभी को कंपनी से निलंबित भी कर दिया गया था. पुलिस ने कहा है कि जांच के अनुसार आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. जांच अभी भी जारी है और निदा खान की तलाश में पुलिस सक्रिय रूप से काम कर रही है.