''लड़ाई का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत...'' बिहार चुनाव में हार के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से बोले तेजस्वी यादव

Amanat Ansari 25 Jan 2026 01:33: PM 2 Mins
''लड़ाई का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत...'' बिहार चुनाव में हार के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से बोले तेजस्वी यादव

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से बोलते हुए RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने NDA और BJP पर तीखा हमला बोला. पटना में दिए गए इस संबोधन में उन्होंने कहा कि यह लड़ाई का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत है. मौजूदा हालात प्रतिकूल भले हों, लेकिन उनकी पार्टी और गठबंधन कमजोर नहीं हुआ है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाला समय गरीबों का होगा.

तेजस्वी ने आगे की रणनीति बताते हुए कहा कि 2 फरवरी से विधानसभा सत्र शुरू होगा. बजट सत्र के बाद वह बिहार के हर जिले का दौरा करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएंगे. कार्यकर्ताओं से अपील की कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखें और हिम्मत न हारें.

उन्होंने चुनाव को असमान बताते हुए आरोप लगाया कि पूरा सिस्टम विपक्ष के खिलाफ था. सिस्टम, पूंजीपति, अधिकारी और मीडिया का एक हिस्सा सब उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहा था. फिर भी महागठबंधन को 1.90 करोड़ वोट मिले, जो लोगों के भरोसे और संघर्ष को दिखाता है. तेजस्वी का दावा था कि करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने सत्ताधारी सरकार के खिलाफ वोट दिया, जो बदलाव की मजबूत इच्छा दर्शाता है.

NDA सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने एक करोड़ नौकरियों के वादे पर जवाब मांगा. कहा कि लोगों ने भरोसा किया था, अब सरकार को जवाब देना होगा कि कब पूरा करेगी यह वादा. BJP के परिवारवाद पर हमलों का जवाब देते हुए तेजस्वी ने कहा कि BJP खुद दोहरे मापदंड अपनाती है. उन्होंने नीतीश नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का उदाहरण दिया, जो राजनीतिक परिवार से हैं. पूछा कि अगर BJP में भी वंशवाद है तो विपक्ष को ही क्यों निशाना बनाया जाता है?

BJP नेता राजीव प्रताप रूडी के बयान पर पलटवार करते हुए तेजस्वी ने कहा कि अगर सरकार मानती है कि उनके विदेश जाने पर अपराध कम थे और लौटने पर बढ़े, तो उन्हें जेल भेज दे. चुप रहने पर भी समस्या, बोलने पर भी समस्या.उन्होंने चुनाव के बाद की चर्चा पर टिप्पणी की कि NDA की जीत से ज्यादा उनकी हार पर बात हो रही है. केंद्र पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम हर हफ्ते बिहार आते थे, गृह मंत्री पटना में डेरा डाले रहे और पूरी केंद्रीय कैबिनेट राज्य में मौजूद थी.

शंभू हॉस्टल में नाबालिग के कथित यौन उत्पीड़न मामले पर उन्होंने सरकार और सत्ताधारी नेताओं पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया. पूछा कि क्या किसी बड़े नेता ने इस पर एक ट्वीट भी किया? अंत में तेजस्वी ने कहा कि RJD और महागठबंधन हताश नहीं होगा. सड़क से लेकर सदन तक जनता के मुद्दों को जोर-शोर से उठाते रहेंगे.

Tejashwi Yadav RJD Bihar Assembly elections NDA BJP

Recent News