मध्य प्रदेश के खंडवा में आतंकवादी समूह इंडियन मुजाहिदीन के एक आतंकी को गिरफ्तार किया गया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. एटीएस के द्वारा यह कार्रवाई खंडवा के गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र में की गई है. मीडिया रिपोट्स से जानकारी मिली है कि इनमें एक आतंकी नाबालिग है. ये आतंकी लोन वुल्फ अटैक (Lone Wolf Attack) करने की साजिश रच रहे थे. आतंकियों के पास मोबाइल फोन, एक पिस्टल, 5 कारतूस, सिमी संगठन से जुड़े सदस्य फॉर्म व डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं.
आरोपियों की पहचान फैजान पिता हनीफ शेख और एक नाबालिग के रूप में हुई है. एटीएस ने बताया कि इस कार्रवाई में करीब 8 जवान शामिल थे. दोनों को पकड़ने के बाद एटीएस टीम दोनों को बिना कुछ बताए भोपाल लेकर गई है. एटीएस के अधिकारियों को पूछताछ में फैजान ने बताया है कि वह इंडियन मुजाहिदीन से जुडा हुआ है. वह लंबे समय से खंडवा में रहकर सोशल मीडिया पर नजर रख रहा था और जिहादी मैसेज जैसे पोस्ट डाल कर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था.
स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया है कि सुबह करीब चार बजे कुछ लोग गाड़ियों में आए थे, जिनके चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार भी थे. उनके साथ कुछ महिलाएं भी थीं. पूछताछ में आतंकी फैजान ने बताया कि वह सुरक्षा बलों के जवानों और उनके परिवालों की रैकी कर रहा था.
पूछताछ में उन्होंने कबूल किया है कि वह इंडियन मुजाहिदीन के यासीन भटकल और सिमी सरगना अबु फैजल की तरह बड़ा आतंकवादी बनना चाहता था. एटीएस को फैजान का संपर्क आतंकी समूह के साथ होने के सबूत भी मिले हैं. बता दें कि इससे पहले भी एटीएस ने खंडवा में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए रकीब नाम के एक आतंकी को पकड़ा था. मीडिया रिपोरट्स से जानकारी मिली है कि फैजान के तार रकीब से भी जुड़े हुए हैं, ऐसे सबूत भी मिले हैं.
क्या होता है लोन वुल्फ अटैक?
लोन वुल्फ अटैक में आतंकी अकले ही हमला करता है. इस दौरान या तो वह खुद को भी खत्म कर लेता है या फिर जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों के हाथों में मारा जाता है. इस अटैक मे आंतकवादी दैनिक उपयोग में आने वाली चीजों का प्रयोग करता है. हमले का मकसद होता है, ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना. इसमें छोटे हथियारों और चाकुओं आदि का प्रयोग किया जाता है.