Theft at PM Modi Election Rally: आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली के दौरान एक बड़ा हंगामा हो गया. सभा में शामिल हुई भीड़ में चोर घुस आए और उन्होंने लोगों के मोबाइल फोन चुराने शुरू कर दिए. लोगों का कहना है कि पोलो ग्राउंड में हुई इस सभा के दौरान करीब 300 से ज्यादा मोबाइल फोन गायब हो गए.
प्रधानमंत्री की सभा सुनने आए कई लोग जब कार्यक्रम खत्म होने के बाद अपने फोन देखने लगे तो उन्हें पता चला कि उनका फोन कहीं नहीं है. हीरापुर पुलिस थाने में अब तक 50 से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं और शिकायत करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रभावित लोगों में गुस्सा बहुत ज्यादा है. फोन चोरी होने के बाद लोग सीधे हीरापुर थाने के बाहर धरना देने लगे.
एक युवक बाबू राम ने बताया कि उसका 18 हजार रुपए का मोबाइल चोरी हो गया. पुलिस में रिपोर्ट लिखाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है. दूसरे युवक बिकी रवानी ने भी अपनी शिकायत की कि उनका फोन भी चोरी हो गया. पुलिस ने सभा स्थल से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिन पर मोबाइल चोरी का शक है.
लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने चोरों को पकड़ने के बाद भी सख्ती नहीं बरती. इसी वजह से लोग थाने के बाहर सड़क पर बैठकर रास्ता जाम करके विरोध जता रहे हैं. यह घटना आसनसोल में गुरुवार को हुई प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी सभा के दौरान घटी.