हापुड़ में अनैतिक गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने होटल पर किया हमला

Amanat Ansari 03 Apr 2026 09:48: PM 1 Mins
हापुड़ में अनैतिक गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने होटल पर किया हमला

Hapur News: हापुड़ जिले के लोधीपुर गांव में एक होटल को लेकर ग्रामीणों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया. गांववालों का आरोप है कि इस होटल में लंबे समय से अवैध और अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं. युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना देखा जा रहा था, जिसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा था. शुक्रवार को अचानक गुस्साए गांववालों ने होटल पर हमला बोल दिया.

जैसे ही ग्रामीण पहुंचे, वहां मौजूद लोग घबरा गए और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. कई महिलाएं और युवतियां वहां से भागने की कोशिश करने लगीं. ग्रामीणों ने कुछ लोगों को पकड़ भी लिया. इस दौरान काफी शोर-शराबा और गाली-गलौज हुआ. होटल चलाने वाला व्यक्ति मौके से फरार होने में कामयाब हो गया.

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस होटल की शिकायत पहले भी कई बार पुलिस और प्रशासन को की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उनकी शिकायत थी कि पुलिस की टीम आती तो थी, लेकिन होटल मालिक से बात करके बिना कुछ किए चली जाती थी. गांववालों ने बताया कि इस होटल की वजह से इलाके में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है.

राह चलते लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां और इशारे किए जाते थे, जिससे परिवारों में चिंता बढ़ गई थी. ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन जल्दी से इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाता, तो वे मेरठ जाकर उच्च अधिकारियों का घेराव करेंगे.

oyo hotel hapur hotel raid hapur police hapur prostitution

Recent News