नई दिल्ली: मुंबई के कुख्यात पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह रोते-बिलखते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सीधे मदद की गुहार लगा रही हैं. हसीन ने वीडियो में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ बलात्कार हुआ, हत्या की कोशिश की गई, उनकी पहचान छिपाई गई और उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जा कर लिया गया.
उन्होंने दावा किया कि आरोपी सालों से कोर्ट में हाजिर ही नहीं हो रहे, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही. लंबे समय से पुलिस, अधिकारियों और मीडिया के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें इंसाफ नहीं मिला. उन्होंने दर्द भरी आवाज में कहा, ''मैं और मेरे जैसे न जाने कितने लोग सालों से न्याय की राह देख रहे हैं. कानून इतना कमजोर है कि अपराधी बेखौफ होकर कोर्ट में भी नहीं आते और केस को वर्षों तक लटकाते रहते हैं.''
हसीन मस्तान ने मांग की कि देश में ऐसे सख्त कानून बनाए जाएं जिससे अपराधी अपराध करने से पहले ही डर जाएं. उनका कहना था कि अगर कानून मजबूत होंगे तो न रेप होगा, न हत्या की कोशिश होगी और न ही किसी की संपत्ति हड़पी जा सकेगी.
अंत में हाथ जोड़कर उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह से अपील की कि उनकी आवाज सुनी जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय मिले. वीडियो के वायरल होने के बाद अब कुछ मीडिया हाउस ने उनसे संपर्क किया है, जिससे उन्हें उम्मीद जगी है कि शायद अब उनकी पुकार सबसे ऊपर तक पहुंच जाएगी.