लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने सभी 11 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. उम्मीदवारों की सामाजिक पृष्ठभूमि को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं. जानकारी के मुताबिक, भाजपा के 11 प्रत्याशियों में 5 ब्राह्मण, 2 ठाकुर और एक-एक कुर्मी, सिख, तेली और वैश्य समाज से हैं. इससे पार्टी के सामाजिक समीकरण को लेकर अलग-अलग राजनीतिक आकलन सामने आ रहे हैं.
भाजपा के घोषित प्रत्याशियों में लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से ध्रुव कुमार त्रिपाठी, आगरा स्नातक से हरिकिशोर तिवारी, वाराणसी शिक्षक से डॉ. प्रमोद मिश्रा और मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा शामिल हैं. ये पांचों ब्राह्मण समाज से बताए गए हैं.
वहीं, आगरा स्नातक सीट से मानवेंद्र प्रताप सिंह और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है. मानवेंद्र प्रताप सिंह को ठाकुर और अशोक कुमार राठौर को तेली समाज से बताया गया है.
इसके अलावा लखनऊ स्नातक सीट से अवनीश सिंह पटेल को कुर्मी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से हरि सिंह ढिल्लों को सिख और मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल को वैश्य समाज से बताया गया है.
विधान परिषद की इन 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. ऐसे में 2027 से पहले यह चुनाव भाजपा के संगठन और अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच उसके राजनीतिक समीकरण के लिए अहम चुनावी मुकाबला माना जा रहा है.