नई दिल्ली: लाल किला परिसर से चुराए गए एक करोड़ रुपए की कीमत वाले सोने के कलश को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ से बरामद कर लिया है. इस मामले में मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने चोर का पता लगाया. पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा किया कि उसने एक नहीं, बल्कि तीन कलश चुराए थे. अभी तक केवल एक कलश बरामद हुआ है, जबकि बाकी दो कलश और अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
कुछ दिन पहले दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में 15 अगस्त पार्क के पास जैन समुदाय का एक धार्मिक आयोजन चल रहा था. इसी दौरान एक बेशकीमती सोने का कलश चोरी हो गया, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए थी. सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एक व्यक्ति, जो धोती पहने हुए था, बड़ी चालकी से पूजा स्थल पर पहुंचा और मौका पाकर कलश को अपने बैग में डालकर फरार हो गया.
यह कलश सिर्फ एक आभूषण नहीं था, बल्कि जैन समुदाय के धार्मिक अनुष्ठानों का अहम हिस्सा था. इसमें लगभग 760 ग्राम सोना और 150 ग्राम कीमती रत्न, जैसे हीरे, पन्ना और माणिक्य जड़े थे. आयोजन समिति के सदस्य पुनीत जैन ने बताया कि यह कलश वर्षों से धार्मिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल होता रहा है और इसे हर दिन पूजा के लिए विशेष मंच पर रखा जाता था. इस मंच पर केवल पारंपरिक वस्त्र पहने अधिकृत लोगों को ही प्रवेश की अनुमति थी.
पुलिस ने इस चोरी को गंभीरता से लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. हापुड़ में छापेमारी के बाद एक कलश और मुख्य आरोपी को पकड़ा गया. पुलिस अब बाकी चोरों और लापता कलशों की तलाश में जुटी है.