मिर्जापुरः अवैध खनन से परेशान ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, सौंपा मांग पत्र

Global Bharat 18 Jul 2024 06:44: PM 1 Mins
मिर्जापुरः अवैध खनन से परेशान ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, सौंपा मांग पत्र

पर्यावरण चिन्तक सूर्यकांत दुबे, आरपी सिंह, विजय चौहान व ग्रामवासी धनावाल तहसील मडिहान जनपद मिर्जापुर के लोगों ने गुरुवार को मिर्जापुर जिले में हो रहे अवैध खनन एनजीटी के नियमों का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए स्थानीय पट्टा धारक के खिलाफ शिकायत पत्र देते हुए प्रदर्शन किया. पत्रकार वार्ता के दौरान कहा गया कि क्षेत्र में अवैध तरीके से खनन ब्लास्टिंग हो रहा है, जिसके चलते न सिर्फ नैसर्गिक क्षेत्र का दोहन हो रहा है, बल्कि संरक्षित वन्य जीव जंतुओं को भी खतरा बढ़ गया है.

पत्रक के मुताबिक तहसील मड़िहान थाना लालगंज जनपद मिर्जापुर धनावल में स्थित केशर प्लांट में विगत कई वर्षों में विधि विरुद्ध पत्थर खनन का कार्य हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है. कई ट्रक बिना परमिट के अवैध तरीके से ओवरलोड माल लादकर पिछले कई वर्षों से भारी राजस्व की नुकसान पहुंचाते चले आ रहे हैं.

NGT के नियमों की विपरीत जाकर दिन में कई बार व रात में कई बार हैवी बारुद का गुल्ला लगाकर ब्लास्टिंग की जा रही है, जिसके कारण पिछले वर्ष बेलहरा ग्राम में एक कुआं अचानक ब्लास्टिंग होने से भर गया और गांव के मनोज दुबे की उसी कुएं में गिरकर मौत हो गई. आसपास के सभी पक्का मकानों की दीवारों में दरार हो जा रही है, जिससे मकान के गिरने की संभावना बनी है.

सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि लगातार हो रही बलास्टिंग से क्षेत्र में रहने वाले सभी पशु-पक्षी, जानवर जो कि बगल के तालाबों में पानी पीने के लिए आया करते थे वह भी जंगल में दर-दर भटक रहे हैं और जंगल छोड़कर अक्सर गांव की तरफ पलायन करते हैं, जिससे उनके भी जान का खतरा बना हुआ है. शिकायतकर्ताओं की मांग है कि जांच करा कर उचित कार्रवाई की जाए.

Recent News