प्रशांत किशोर का धमाका! 30 साल से बीजेपी के गढ़ रहे बांकीपुर में सेंध, नितिन नबीन बोले- जनादेश अप्रत्याशित

Amanat Ansari 04 Aug 2026 11:16: AM 1 Mins
प्रशांत किशोर का धमाका! 30 साल से बीजेपी के गढ़ रहे बांकीपुर में सेंध, नितिन नबीन बोले- जनादेश अप्रत्याशित

पटना: बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा उलटफेर कर दिया है. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराकर अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की और भाजपा के तीन दशक लंबे वर्चस्व को समाप्त कर दिया. प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले.

राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 14,273 वोट मिले. यह जीत जन सुराज के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी और खुद किशोर ने तब चुनाव नहीं लड़ा था. बांकीपुर सीट 1995 से लगातार भाजपा के पास थी (तब यह पटना वेस्ट के नाम से जानी जाती थी).

पहले नबीन के पिता नवीन चंद्र सिन्हा और फिर खुद नितिन नबीन ने इसे पांच बार जीता था. नबीन के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद सीट खाली होने पर यह उपचुनाव हुआ था. भाजपा के मूल उम्मीदवार अभिषेक ‘बंटी’ के अंतिम समय में परिवारिक कारणों से नाम वापस लेने के बाद नीरज कुमार को मैदान में उतारा गया था.

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने नतीजों के बाद कहा कि वे तीनों विधानसभा उपचुनावों के जनादेश को स्वीकार करते हैं. बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया (जहां कांग्रेस जीती) में अपेक्षित जनादेश नहीं मिला. इन दोनों जगहों के नतीजों की पूरी गंभीरता से समीक्षा की जाएगी. गुजरात के मांजलपुर में भाजपा की जीत के लिए उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया.

प्रशांत किशोर ने इस जीत को बिहार सरकार पर ‘जनमत संग्रह’ बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘वेक-अप कॉल’ करार दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्थान पर नए मुख्यमंत्री की मांग भी की. उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 34.30 रहा, जो पिछले विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत से कम था. यह नतीजा बिहार की राजनीति में हलचल पैदा करने वाला हो सकता है.

Prashant Kishor Bankipur bypoll Nitin Nabin BJP Jan Suraaj Party

Recent News