नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर एक गंभीर आरोप लगाया है. आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) का कहना है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में BJP हार के डर से बौखला गई है और उसने अपने गुंडों से AAP के राष्ट्रीय संजोयक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करवाया है. आम आदमी पार्टी का आरोप है कि BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने अरविंद केजरीवाल पर चुनाव प्रचार के दौरान ईंट-पत्थर से हमला किया. चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर हमला किया गया है.
हार के डर से बौखलाई BJP, अपने गुंडों से करवाया अरविंद केजरीवाल जी पर हमला‼️
— AAP (@AamAadmiParty) January 18, 2025
BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल जी पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वो प्रचार ना कर सकें।
बीजेपी वालों, तुम्हारे इस कायराना… pic.twitter.com/QcanvqX8fB
'अरविंद केजरीवाल पर हमला'
AAP का आरोप है कि केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए हैं. इस आरोप के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि हार के डर से बौखलाई BJP, अपने गुंडों से करवाया अरविंद केजरीवाल पर हमला. BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के गुंडों ने चुनाव प्रचार करते वक्त अरविंद केजरीवाल पर ईंट-पत्थर से हमला कर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वह प्रचार ना कर सकें.
पोस्ट में आगे लिखा गया कि BJP वालों, तुम्हारे इस कायराना हमले से केजरीवाल डरने वाले नहीं हैं, दिल्ली की जनता तुम्हें इसका करारा जवाब देगी. एक अन्य पोस्ट में AAP ने लिखा कि BJP ने अपने गुंडों से दिल्ली के बेटे पर फिर करवाया हमला. BJP अपनी हार पास देखकर इतनी बुरी तरह बौखला गई है कि वो केजरीवाल की जान लेने पर उतर आई है. क्या दिल्ली की जनता के लिए काम करने का बदला, BJP केजरीवाल की हत्या करके लेना चाहती है?.
दूसरी तरफ, प्रवेश वर्मा ने एक्स पर लिखा कि सवाल पूछती जनता पर अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से दो युवाओं को मारी टक्कर. दोनों को लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल ले कर गए हैं. हार सामने देखकर लोगों की जान की कीमत ही भूल गए. मैं हॉस्पिटल जा रहा हूं. बता दें कि दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर पांच फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और नतीजे की घोषणा आठ फरवरी को होगी.