पटना न्यूज: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कई सीटों पर अभी भी मतगणना जारी है और एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है. शाम चार बजे तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जेडीयू के उम्मीदवार पांच सीटों पर जीत हासिल कर चुके हैं तथा अस्सी से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. बीजेपी नब्बे से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, जबकि चिराग पासवान की एलजेपी (आर) उन्नीस से अधिक सीटों पर मजबूत स्थिति में है.
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा भी पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इस भारी जनादेश से एनडीए खेमे में राहत और उत्साह का माहौल है. इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक अणे मार्ग स्थित आवास पर शुक्रवार दोपहर अचानक राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई.
जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा तथा मंत्री अशोक चौधरी अचानक वहां: पहुंचे और तीनों नेताओं की बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई. सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सरकार गठन, मंत्रिमंडल की संभावित संरचना तथा गठबंधन के भीतर शक्ति-संतुलन जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है, हालांकि कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है.
जेडीयू तथा बीजेपी कार्यालयों में जश्न का दौर शुरू हो चुका है. कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर पटाखे फोड़ रहे हैं, मिठाइयां बांट रहे हैं और जीत के नारे लगा रहे हैं. जेडीयू दफ्तर में नीतीश कुमार को ‘टाइगर’ बताते पोस्टर लगे हैं, जबकि पटना की सड़कों पर ‘बिहार का मत नीतीश कुमार’ लिखे होर्डिंग्स नजर आ रहे हैं. बीजेपी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है.