Crime News: लखनऊ के कृष्णानगर में रामबाबू मौर्य (32) की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने मृतक की पत्नी पुष्पा मौर्य और उसके रिश्तेदार व प्रेमी नीरज मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पर मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप है. 13-14 सितंबर की रात कृष्णानगर थाना क्षेत्र में रामबाबू का शव मिला था. उनके भाई श्याम बाबू ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी.
शुरू में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पूरा मामला पलट गया. पुलिस के अनुसार, पुष्पा और नीरज के बीच अवैध संबंध थे. रामबाबू को इसकी जानकारी होने पर दोनों में विवाद होने लगा था और नीरज का घर आना-जाना बंद हो गया था. इसके बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई.
साजिश के तहत पहले रामबाबू की बाइक गायब कराई गई. बाद में नीरज ने ही उसे बरामद कराने में मदद की, जिससे रामबाबू का भरोसा फिर से जीत लिया गया. पुष्पा बालाजी दर्शन के बहाने दिल्ली से बस से रवाना हो गईं और नीरज को निर्देश दिया कि उनके लौटने से पहले ‘काम’ पूरा कर लिया जाए. पुष्पा की अनुपस्थिति में नीरज ने रामबाबू को पार्टी के बहाने कृष्णानगर बुलाया. वहां शराब पीने के बाद नीरज ने घरेलू चाकू से हमला कर हत्या कर दी.
घटना के बाद नीरज फरार हो गया था. पुलिस ने करीब 180 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी सबूत और स्थानीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया. चार टीमें गठित कर जांच की गई. हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक और एडीसीपी साउथ वसंथ कुमार रल्लापल्ली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है.