मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक महिला को भारतीय जनता पार्टी (BJP) को वोट देना महंगा पड़ गया है. महिला के द्वारा दावा किया गया है कि पति ने गुस्से में आकर उसे तीन तलाक दे दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि महिला ने लोकसभा चुनाव के दौरान BJP के लिए प्रचार-प्रसार किया था और वोट भी BJP को ही दिया था, जिसके बाद पति इतने गुस्से में आ गया कि पत्नी को ही अपने से दूर कर दिया.
हालांकि महिला ने थाने में इसकी शिकायत की है और पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में पुलिस के द्वारा पति व उसके परिजनों को आरोपी बनाया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि छिंदवाड़ा जिले के कोतवाली क्षेत्र में महिला ने BJP और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर पार्टी के लिए सदस्यता अभियान चलाया था, जो पति को नागवार गुजरा और पत्नी को तीन तलाक बोल दिया, जिसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की है.
शिकायत में महिला ने पुलिस को बताया कि वह पीएम मोदी और सीएम मोहन यादव से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थी और लोकसभा चुनाव के दौरान क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी के लिए प्रचार-प्रसार किया था. यह बात पति, सास और ननद को पता चल जाने पर वे मेरे घर आए और मुझे मारा-पीटा, फिर पति ने तीन तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ लिया.
वहीं स्थानीय कोतवाली के टीआई ने बताया है कि महिला ने शिकायत में दहेज उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि महिला पर लगादार दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था. साथ ही महिला ने बताया कि उसका पति हमेशा उससे बोलता था कि मायके से 5 लाख रुपए लेकर आओ, नहीं तो घर छोड़कर चली जाओ.
वहीं रुपए नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति अब्दुल आशिफ मंसूरी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ विभिनन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.