नई दिल्ली: कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विदेश मंत्री शशि थरूर क्या बीजेपी में एंट्री लेने वाले हैं, बीते लंबे वक्त से ऐसे कयास लग रहे हैं कि शशि थरूर कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि लगातार वो कुछ न कुछ ऐसा कर रहे हैं, जिससे समर्थकों के मन में भी सवाल उठने लगे हैं, इस बार एक बीजेपी सांसद के साथ उनकी सेल्फी सामने आई है.
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद बैजयंत जय पांडा के साथ उनकी सेल्फी सुर्खियों में है, दरअसल पांडा ने सेल्फी शेयर कर लिखा मेरे दोस्त और सह यात्री ने मुझे शरारती कहा, क्योंकि मैंने कहा ऐसा लगता है कि हम आखिरकार एक ही दिशा में यात्रा कर रहे हैं. यहां यात्रा का मतलब सिर्फ सफर से नहीं बल्कि सियासी सफर से भी हो सकता है, इसीलिए ये चर्चा इस बार तेज हो चली है.
दऱअसल इससे पहले शशि थरूर ने पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की थी. उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत की रणनीति की तारीफ की थी, जिसे बीजेपी नेताओं ने खूब भुनाने की कोशिश की, क्योंकि राहुल गांधी से लेकर तमाम विपक्षी नेता मोदी की विदेश नीति की लगातार आलोचना कर रहे हैं, जबकि शशि थरूर जो मनमोहन सरकार में विदेश मंत्री रह चुके हैं, जिनकी छवि एक तेजतर्रार और पढ़े-लिखे नेता के रूप में रही है, उनका मोदी सरकार की नीतियों की तारीफ करना बीजेपी नेताओं के लिए विपक्ष पर निशाना साधने का एक अच्छा मौका बन गया.
हालांकि शशि थरूर से इससे पहले भी ये सवाल पूछा गया था कि क्या आप बीजेपी में जाने वाले हैं, तो उन्होंने ऐसी किसी भी संभावना को सिरे से खारिज कर दिया था, लेकिन जिस हिसाब से उनके बयान सामने आ रहे हैं, ऐसा लगता है थरूर और बीजेपी में कोई खिचड़ी पक रही है, जिसका भविष्य आने वाले दिनों में साफ हो पाएगा.