योगी से क्या बात हुई? अमित शाह की गुफ्तगू ने बढ़ाया सियासी पारा, मंच से सीएम योगी की जमकर तारीफ

Global Bharat 26 Sep 2026 12:41 PM 1 Mins
योगी से क्या बात हुई? अमित शाह की गुफ्तगू ने बढ़ाया सियासी पारा, मंच से सीएम योगी की जमकर तारीफ

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक वीडियो क्लिप चर्चा का विषय बनी हुई है. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, दोनों के बीच किस मुद्दे पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

इसी बीच ट्रेड शो के मंच से अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, निवेश और औद्योगिक बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की खुलकर तारीफ की. शाह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त होकर निवेश का केंद्र बन रहा है और देश के विकास का इंजन बन रहा है. उन्होंने यूपी के बदलते माहौल को सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए इसे बड़ा परिवर्तन बताया.

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आए बदलाव के कारण अब राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य तय करने की स्थिति में है. उन्होंने यह भी कहा कि 2013 में कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण निवेश सम्मेलन दिल्ली में करना पड़ा था, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है.
अमित शाह ने योगी सरकार के कार्यकाल में माफिया और अपराध के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाने का काम हुआ और बेहतर माहौल बनने से उद्योगों के लिए परिस्थितियां अनुकूल हुईं.

ऐसे में एक तरफ योगी और शाह की गुफ्तगू का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, तो दूसरी तरफ शाह के मंच से योगी सरकार की तारीफ ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है. दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर समय-समय पर राजनीतिक अटकलें लगती रही हैं, लेकिन इस कार्यक्रम में शाह के सार्वजनिक बयान में योगी सरकार के कामकाज की स्पष्ट सराहना देखने को मिली.

Yogi Adityanath Amit Shah Yogi Shah Meeting UP International Trade Show Uttar Pradesh Politics

Description of the author

Recent News