पटना में 15 किलो सोने की चोरी, गुजरात से आए थे गोल्ड बिजनेसमैन, जांच में जुटी पुलिस 

Amanat Ansari 06 Apr 2026 03:33: PM 1 Mins
पटना में 15 किलो सोने की चोरी, गुजरात से आए थे गोल्ड बिजनेसमैन, जांच में जुटी पुलिस 

Gold Consignment Theft in Patna: पटना के खगौल इलाके में कुछ चतुर अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में एक बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया. उन्होंने खुद को कस्टम विभाग के अधिकारी बताकर दो स्वर्ण व्यापारियों से लगभग 15 किलो सोना छीनकर फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक, गुजरात के राजकोट से आए दो गोल्ड बिजनेसमैन अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस से दानापुर रेलवे स्टेशन पर उतरे थे. उनके पास करीब 15 किलो सोना था, जिसे लेकर वे पटना के बाकरगंज इलाके की ओर जा रहे थे.

स्टेशन से बाहर निकलकर वे ऑटो रिक्शा में बैठे और अपने गंतव्य की तरफ बढ़े ही थे कि खगौल थाना क्षेत्र के आरओबी के पास पहले से ही वहां मौजूद अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्हें गाड़ी की जांच करनी है. व्यापारियों को उनकी बातों में आ गया. ठगों ने सोने से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया और कुछ ही पलों में वहां से भाग निकले.

जब पीड़ितों को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो गई है, तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही दोनों पीड़ित खगौल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत विशेष जांच टीम बना दी. जांच के दौरान पुलिस को अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो दोनों चोरी की बताई जा रही हैं.

दानापुर के एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि अपराधियों की पहचान करने के लिए आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज गति से चल रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पुलिस ने नौबतपुर इलाके से एक संदिग्ध बैग भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं. यह घटना साफ दिखाती है कि अपराधी अब ठगी के लिए बेहद चालाक और नई-नई फिल्मी शैली अपनाने लगे हैं. पुलिस पूरे मामले की गहराई में जाकर तथ्यों का पता लगाने में जुटी हुई है. पुलिस के द्वारा जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.

Patna News Patna Crime Gold Theft Gujarat Gold Trader Patna Police Patna Gold Robbery

Recent News