शाहजहांपुर: भारतीय सेना की वर्दी में ब्रिगेडियर बनकर घूमने वाले 21 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान आर्यन वर्मा के रूप में हुई है. सेना की स्टेशन हेडक्वार्टर शाहजहांपुर और पूर्व सैनिकों की संयुक्त टीम ने दो महीने की गुप्त जानकारी के आधार पर 12 जून को इस युवक को गिरफ्तार करने का जाल बिछाया. शहीद स्मारक में छात्रों को सम्मानित करने के बहाने उसे बुलाया गया, जहां पहुंचते ही उसे और उसके साथियों को दबोच लिया गया.
क्या क्या मिला?
आर्यन वर्मा के साथ दो व्यक्ति काले कपड़ों में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) कमांडो बनकर घूम रहे थे, जबकि ड्राइवर के पास सरकारी आईडी भी बरामद हुई है. सभी आरोपियों को सदर पुलिस स्टेशन के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस अब इसकी मंशा और बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है. सेना ने इस कार्रवाई को पूर्व सैनिकों और सैन्य अधिकारियों के समन्वय की मिसाल बताते हुए कहा कि आर्मी की वर्दी, प्रतीकों और पद का दुरुपयोग गंभीर अपराध है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.