लखनऊ : फर्जी पासपोर्ट बनाकर लखनऊ एयरपोर्ट से मलेशिया भाग रहा बांग्लादेशी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बांग्लादेशी नागरिक के पास से भारत का आधार कार्ड और पासपोर्ट मिला है. फर्जी तरीके से यूपी के उन्नाव जिले में भारतीय दस्तावेज को तैयार करने के बाद युवक मलेशिया जाने की फिराक में था. एयरपोर्ट पर जब जांच कार्मिकों को संदेह हुआ तो डॉक्यूमेंट की जांच की. डॉक्यूमेंट में गड़बड़ी मिलने के बाद जांच की गई तो पता चला युवक बांग्लादेश का रहने वाला है. पुलिस युवक को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है.
जांच में सामने आया है कि बांग्लादेशी नागरिक ने भारतीय पासपोर्ट बनवाया था. पासपोर्ट की वैधता 17 मई 2028 तक है. कूटरचित दस्तावेजों की मदद से लखनऊ में पासपोर्ट तैयार करा लिया, जिसके बाद मलेशिया जाने की फिराक में था. गिरफ्तार बंगलादेशी युवक की पहचान मोहम्मद नसीम के रूप में हुई है. युवक कुआलालपुर जाने वाली फ्लाइट से मेलशिया जाना चाह रहा था. एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन चेकिंग के दौरान संदेह होने पर अधिकारियों ने जांच कि तो दस्तावेज फर्जी निकल गए.
उन्नाव में रह रहा था युवक
पूछताछ में गिरफ्तारी युवक नसीम ने बताया कि वह उन्नाव जिले के सफीपुर तहसील के गढ़ी इलाके में रहता था. उन्नाव जिले में ही स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से निवास प्रमाण पत्र बनवाने के बाद आधार कार्ड बनवा लिया. आधार कार्ड बनने के कुछ दिनों के बाद पासपोर्ट के लिए अप्लाई किया, जहां लखनऊ पासपोर्ट ऑफिस से सारे दस्तावेज अप्रूव होने के बाद पासपोर्ट भी बनकर तैयार हो गया. हालांकि, एयरपोर्ट पर डाक्यूमेंट्र में गड़बड़ी मिलने के बाद पूछताछ हुई तो सच बाहर आ गया.
पूरे नेटवर्क की है तलाश
गिरफ्तार युवक के पास से बरामद मोबाइल फोन में बांग्लादेशी कांटेक्ट व बंगाली चैट्स के साथी फेसबुक के कई ग्रुप भी मिले हैं. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है. गिरोह चलाने वाले अन्य सदस्य व फर्जीवाड़े को लेकर युवक से पूछताछ में जुटी हुई है. जल्द ही पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी.