शादी नहीं करने पर गला रेतकर हत्या! फरीदाबाद में महिला ने पेंटर की जान ले ली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amanat Ansari 01 Aug 2026 08:42: PM 1 Mins
शादी नहीं करने पर गला रेतकर हत्या! फरीदाबाद में महिला ने पेंटर की जान ले ली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में थाना सूरजकुंड क्षेत्र के गांव अनंगपुर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो गया है. पुलिस ने मध्य प्रदेश की रहने वाली महिला अनीता को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश के पेंटर सदाकत अली का गला चाकू से रेतकर हत्या कर दी.

पूछताछ में सामने आया कि अनीता सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी. सदाकत पहले से शादीशुदा था और पत्नी व चार बच्चे गांव में रहते थे. वह शादी से इनकार कर रहा था. 25 जुलाई को अनीता ने सदाकत को अपने किराए के कमरे पर बुलाया, शराब पिलाई और नशे में सो जाने के बाद चाकू से उसका गला रेत दिया. इसके बाद कमरे को बाहर से ताला लगाकर फरार हो गई.

सदाकत 23 जुलाई को गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा. मोबाइल भी बंद हो गया. परिजनों ने तलाश की तो अनीता ने जानकारी से इनकार कर दिया. बाद में डोमका मोहल्ला स्थित किराए के कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस पहुंची. ताला तुड़वाकर अंदर सड़-गल चुका शव मिला. भाई नजाकत अली ने शव की पहचान अपने भाई सदाकत के रूप में की.

सदाकत ओमैक्स सोसायटी में पेंटर का काम करता था और अनंगपुर में किराए पर रहता था. उसी मकान में अनीता घरेलू काम करती थी. दोनों की जान-पहचान बढ़ गई. मकान मालिक को पता चलने पर अनीता ने दूसरा कमरा ले लिया, लेकिन मिलना जारी रहा.

परिवार ने कई बार समझाया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ. क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अनीता को गिरफ्तार किया. उसे अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

Faridabad Crime Faridabad News Faridabad Murder

Recent News