पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में BJP को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया और अपना नामांकन वापस ले लिया. शुक्रवार शाम पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अभिषेक बंटी ने यह फैसला घोषित किया. उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर चुनाव न लड़ने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अब वे कार्यकर्ता के नाते पार्टी की सेवा करते रहेंगे.
फैसले की वजह
अभिषेक बंटी ने चुनाव न लड़ने की कोई स्पष्ट राजनीतिक वजह नहीं बताई. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है. गौरतलब है कि गुरुवार को ही अभिषेक बंटी ने बांकीपुर सीट से नामांकन दाखिल किया था. इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. बाद में स्काउट एंड गाइड मैदान में जनसभा भी हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके समर्थन में वोट मांगे थे.
BJP के लिए नई चुनौती
नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई है, जबकि मतदान 30 जुलाई को होगा. अभिषेक बंटी के अचानक हटने से भाजपा को महज दो-तीन दिनों में नया मजबूत उम्मीदवार ढूंढना होगा. अभिषेक सिन्हा बंटी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं. वे भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पटना महानगर व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं. नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई इस सीट पर पार्टी ने उन्हें एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में मैदान में उतारा था.
मुकाबला और दिलचस्प
बांकीपुर उपचुनाव में अब दिलचस्पी बढ़ गई है. जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन करने वाले हैं, जबकि RJD की रेखा गुप्ता पहले ही मैदान में हैं. इस सीट पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं. BJP के लिए यह घटनाक्रम ऐन वक्त पर सियासी उलझन बन गया है. अब देखना होगा कि पार्टी बांकीपुर से अपना नया चेहरा किसे बनाती है.