बूथ पर पर्ची बांट रहे थे, एक फोन कॉल ने बदल दी किस्मत! बांकीपुर से BJP का नया उम्मीदवार बना 28 वर्षीय नीरज सिन्हा

Amanat Ansari 10 Jul 2026 08:12: PM 1 Mins
बूथ पर पर्ची बांट रहे थे, एक फोन कॉल ने बदल दी किस्मत! बांकीपुर से BJP का नया उम्मीदवार बना 28 वर्षीय नीरज सिन्हा

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सियासी कहानी में एक और रोमांचक ट्विस्ट आ गया है. कुछ घंटे पहले तक नीरज कुमार सिन्हा बूथ स्तर पर सामान्य कार्यकर्ता की तरह पर्चियां बांट रहे थे, लेकिन एक फोन कॉल ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी.

भाजपा ने उन्हें बांकीपुर से अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया. नीरज कुमार सिन्हा शुक्रवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ पर प्रचार सामग्री बांट रहे थे. तभी अचानक उनका फोन बजा और पार्टी ने उन्हें तुरंत प्रदेश कार्यालय बुला लिया. अगले ही पल उनका नाम बांकीपुर सीट से BJP प्रत्याशी के रूप में घोषित हो गया.

"कभी सपने में भी नहीं सोचा था"

नीरज सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''मैं पर्चियां बांट रहा था. फोन आया और पार्टी दफ्तर बुलाया गया. पहुंचते ही मेरा नाम घोषित कर दिया गया. मैं खुद हैरान था.'' उन्होंने पार्टी के आला नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि अब वे नितिन नवीन (BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष) के मार्गदर्शन में पूरे जोश से चुनाव लड़ेंगे. नीरज ने कहा, ''पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे. कोई चुनौती नहीं है, जीत का विश्वास है.''

BJP कार्यालय में भव्य स्वागत

जैसे ही नीरज सिन्हा प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और जीत की शुभकामनाएं दीं.

नीरज कुमार सिन्हा कौन हैं?

  • उम्र: 28 वर्ष  
  • शिक्षा: बीए  
  • जाति: कायस्थ (बांकीपुर में निर्णायक वोटर)
  • पृष्ठभूमि: बचपन से भाजपा से जुड़े. नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष, पूर्व में मंडल महामंत्री और बूथ अध्यक्ष रहे. भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं.
  • विशेष: अविवाहित, पटना निवासी.

इससे पहले BJP ने अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को टिकट दिया था, जिन्होंने नामांकन के एक दिन बाद पारिवारिक कारणों से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया. नीरज सिन्हा अब उनके स्थान पर मैदान में उतरे हैं. बांकीपुर उपचुनाव में नीरज सिन्हा का मुकाबला प्रशांत किशोर (जन सुराज) और रेखा गुप्ता (RJD) से होगा. नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई है और मतदान 30 जुलाई को होगा. यह घटनाक्रम BJP कार्यकर्ताओं में जोश भरने वाला साबित हो रहा है और बांकीपुर की लड़ाई को और रोचक बना दिया है.

bankipur bjp candidate bankipur bjp candidate withdraw neeraj sinha bankipur bjp

Recent News