'सोशल मीडिया पर मेरा रेट पूछते हैं', नेशनल क्रश बनी एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

Amanat Ansari 26 Nov 2025 01:23: PM 1 Mins
'सोशल मीडिया पर मेरा रेट पूछते हैं', नेशनल क्रश बनी एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

नई दिल्ली: एक्ट्रेस गिरिजा ओक पिछले 20 साल से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं. मराठी सिनेमा में तो वह पहले से ही जानी-पहचानी चेहरा थीं, लेकिन एक वायरल वीडियो और कुछ बोल्ड फोटोज़ की वजह से अचानक वह पूरे देश में “नेशनल क्रश” बन गईं.

लोग उन्हें “इंडिया की सिडनी स्वीनी” तक कहने लगे. हाल ही में एक डिजिटल चैनल को दिए इंटरव्यू में गिरिजा ने इस नई पहचान पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि भले ही सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़ आ गई हो, लेकिन असल जिंदगी में ज्यादा कुछ नहीं बदला. बोलीं, “काम के नए ऑफर्स अभी तक खास नहीं आए हैं.”

साथ ही उन्होंने इस अचानक मिली लोकप्रियता के कड़वे पहलू के बारे में भी बताया. गिरिजा को सोशल मीडिया पर लगातार अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज मिल रहे हैं. उन्होंने कुछ उदाहरण दिए. कोई लिखता है, “तुम्हारे लिए कुछ भी कर सकता हूं, बस एक मौका दे दो.” कोई सीधे पूछता है, “एक घंटे बैठने का रेट क्या है?”

गिरिजा ने हैरानी जताते हुए कहा, “यही लोग अगर मुझे सड़क पर मिलें तो शायद आंखें भी न मिला पाएं, लेकिन की-बोर्ड के पीछे बैठकर कुछ भी लिख देते हैं. सामने आएं तो बड़े प्यार और इज्जत से बात करते हैं. ये वर्चुअल दुनिया सचमुच बहुत अजीब है.” काम की बात करें तो गिरिजा ने टीनएज में ही मराठी फिल्मों से करियर शुरू किया था.

हिंदी में तारे जमीन पर, शोर इन द सिटी जैसी फिल्मों में छोटे रोल किए. टीवी पर लेडीज स्पेशल और मॉडर्न लव: मुंबई में नजर आईं. हाल ही में नेटफ्लिक्स की मराठी फिल्म इंस्पेक्टर अविनाश (मनोज बाजपेयी के साथ) रिलीज हुई है और जल्द ही वह गुलशन देवैया के साथ वेब सीरीज परफेक्ट फैमिली में दिखेंगी.

फेम मिला, तारीफ मिली, लेकिन साथ में ट्रोल्स और गंदे मैसेज भी गिरिजा ओक की यह नई “नेशनल क्रश” वाली जर्नी यही बता रही है कि इंटरनेट की चमक के पीछे कितना अंधेरा भी छिपा होता है.

Girija Oak Girija Oak films Girija Oak shows

Recent News