संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद के एक मकान पर प्रशासन ने अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा कर दिया है. नोटिस में बुलडोजर ऐक्शन की चेतावनी भी दी गई है. प्रशासन का आरोप है कि विधायक ने बिना अनुमति लिए और नियमों को ताक पर रखकर विनियमित क्षेत्र में मकान का निर्माण कराया.
अवर अभियंता की ओर से जारी नोटिस में कथित अवैध निर्माण को गिराए जाने का जिक्र है. धारा-10 के तहत नोटिस चस्पा करने के बाद भवन निर्माण नियमों को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि यह मकान किराए पर दिया गया है.
पिछले साल भी प्रशासन ने इकबाल महमूद के बाग पर बुलडोजर चलाकर करीब साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया था. रायसत्ती थाना क्षेत्र के मंडलाई गांव में विधायक और उनके बेटों के नाम पर बाग है, जिसमें सरकारी जमीन शामिल करने का आरोप लगा था. इकबाल महमूद संभल सदर विधानसभा सीट से सातवीं बार विधायक हैं और सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. विधानसभा में संभल हिंसा की रिपोर्ट पेश होने के बाद उनके मकान पर हुई इस कार्रवाई से चर्चा तेज हो गई है.
इसके अलावा, पिछले साल कांवड़ियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी उनके खिलाफ केस चल रहा है. एमपी-एमएलए कोर्ट में अगली सुनवाई 25 अगस्त को होनी है. लोग अब विधायक पक्ष और प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं.