भोपाल : मध्य प्रदेश के गुना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव-2026 के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने महिलाओं और धार्मिक प्रसंगों को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिस पर मंच पर मौजूद महिला विधायक प्रियंका पैंची ने कड़ी आपत्ति जताई. कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है.
नानाखेड़ी मंडी परिसर में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली जुड़े थे. मंच से संबोधन के दौरान गुना विधायक पन्नालाल शाक्य खेती, किसान और देश से जुड़े विषयों पर बोल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने रामायण, महाभारत और इतिहास के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी की.
रिपोर्ट के मुताबिक, शाक्य ने सीता हरण के बाद हुए युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि पुरुषों का बड़े पैमाने पर विनाश हुआ. उन्होंने महाभारत में द्रौपदी के प्रसंग और पृथ्वीराज चौहान-संयोगिता के संदर्भ का भी जिक्र किया, उनके बयान का आशय यह था कि इन घटनाओं और युद्धों में महिलाओं के कारण पुरुषों को अपनी जान गंवानी पड़ी.
मंच पर मौजूद चांचौड़ा विधायक प्रियंका पैंची ने इस टिप्पणी पर तत्काल विरोध जताया. उन्होंने इसे महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और महिला विरोधी सोच से जोड़ते हुए सवाल उठाया, इसके बाद दोनों भाजपा विधायकों के बीच मंच पर तीखा संवाद हुआ.
शाक्य ने अपने बचाव में कहा कि उन्होंने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं और उन्हें ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी है. उन्होंने प्रियंका पैंची को बैठने के लिए भी कहा. कुछ देर तक चले इस विवाद से कार्यक्रम का माहौल असहज हो गया.
कृषि और किसानों से जुड़े कार्यक्रम में हुई यह राजनीतिक नोकझोंक अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कारण सुर्खियों में है. टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.