काबुल: तालिबान शासन वाले अफगानिस्तान में भारत के साथ दोस्ती की नई मिसाल सामने आई है. एक भारतीय नागरिक ने स्वतंत्रता दिवस पर काबुल में तिरंगा फहराया और भारत माता की जय तथा हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अफगान यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में भारतीय ने बताया कि मैंने काबुल के अंदर भारत का झंडा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया है. मैं यहां भारत माता की जय बोल रहा हूं. मैं अपने भाई के साथ अकेले फ्री घूम रहा हूं. मुझे इतना प्यार किसी और मुल्क में नहीं मिला. अफगानिस्तान में खतरे की बात कहना झूठ है. उन्होंने कहा कि भारत और अफगानिस्तान की दोस्ती सलामत रहनी चाहिए.
अफगानिस्तान में खनिज भंडार भरे पड़े हैं और यहां बिजनेस करने वाले बहुत तरक्की करेंगे. अफगान लोग कर्मठ और बहादुर हैं. इस वीडियो को अफगान नागरिक फजल अफगान ने एक्स पर शेयर किया. उन्होंने लिखा कि भारत-अफगानिस्तान की ऐसी दोस्ती को पड़ोसी पाकिस्तान पचा नहीं पाएगा. लोग इस दोस्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में तालिबान के विक्ट्री डे कार्यक्रम में पहली बार भारत शामिल हुआ. अफगानिस्तान के प्रभारी राजदूत नूर अहमद नूर ने कहा कि काबुल और नई दिल्ली के बीच मजबूत राजनीतिक भरोसा और आर्थिक साझेदारी क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देगी. भारत अभी तक तालिबान सरकार को आधिकारिक मान्यता नहीं दी है, लेकिन राहत सामग्री और सहयोग जारी है.