नई दिल्ली: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर दोनों देशों के रिश्तों और रणनीतिक सहयोग पर बातचीत की. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस फोन कॉल की जानकारी दी. दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप में हो रही लगातार प्रगति की समीक्षा की.
उन्होंने दोनों देशों के आपसी फायदे के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराया. PMO के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नेतन्याहू और प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया. दोनों नेता भविष्य में भी संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए. यह बातचीत पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हुई है.
क्षेत्र में संघर्ष लंबे समय से जारी है और स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकल पाया है. हाल ही में ईरान-ओमान समझौते और लेबनान से जुड़ी घटनाओं की खबरें आई हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर इस बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत-इजरायल स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप ताकत-से-ताकत की ओर बढ़ रही है. दोनों देशों के बीच रक्षा, तकनीक, कृषि और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है.