अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में AIMIM के जिला अध्यक्ष यामीन खान अब्बासी के एक कथित बयान और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. नाज़िया इलाही को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक और कानूनी बहस तेज हो गई है.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में AIMIM के जिला अध्यक्ष यामीन खान अब्बासी का एक विवादित बयान चर्चा में है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया है कि नबी की शान में गुस्ताखी करने वाली नाज़िया इलाही की जीभ काटने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. इस कथित पोस्ट और बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ देखने को मिल रही हैं.
यामीन खान अब्बासी का आरोप है कि नाज़िया इलाही ने इस्लाम और पैगंबर के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की हैं. दूसरी ओर, इस बयान को लेकर उनके विरोधियों ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
नाज़िया इलाही सोशल मीडिया एक्टिविस्ट हैं और भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा से भी जुड़ी रही हैं. उनके बयानों को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं और विभिन्न स्थानों पर उनके खिलाफ शिकायतें तथा मुकदमे दर्ज होने की खबरें सामने आती रही हैं.
अब इस पूरे मामले पर लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस और प्रशासन इस कथित बयान तथा सोशल मीडिया पोस्ट पर क्या कार्रवाई करते हैं.