जालौन : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की उरई कोतवाली से जुड़ा एक कथित सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वायरल फुटेज में ड्यूटी के दौरान कंट्रोल रूम के भीतर एक महिला कांस्टेबल और एक पुरुष कांस्टेबल के बीच कथित रूप से आपत्तिजनक व्यवहार दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और विभागीय जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जांच के बाद पुरुष कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि महिला कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों कर्मियों के आचरण और घटना की परिस्थितियों की विस्तार से पड़ताल की जा रही है.
बताया जा रहा है कि यह घटना थाने के कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी. वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्दी में रहते हुए अनुशासनहीनता या सेवा नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.