खेल : दुनिया के खेल जगत में इन दिनों दो तस्वीरें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. एक तरफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 41 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और 39 साल के लियोनेल मेसी अपनी फिटनेस और खेल से उम्र को चुनौती दे रहे हैं. दूसरी तरफ भारत का एक 15 साल का लड़का है, जो अपनी प्रतिभा से दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. उसका नाम है वैभव सूर्यवंशी.
आमतौर पर किसी खिलाड़ी को पहचान बनाने में कई साल लग जाते हैं, लेकिन वैभव ने कम उम्र में ही वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके लिए खिलाड़ी पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं। आईपीएल में उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की, बड़े-बड़े गेंदबाज़ों की धुनाई की और विस्फोटक बल्लेबाज़ी से कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई, जब उन्होंने आईपीएल में क्रिस गेल के एक बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
इसके बाद जब भारत की युवा टीम ट्राई सीरीज़ खेलने उतरी, तो फाइनल में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रनों की तूफानी पारी खेली. शतक से महज़ छह रन दूर रह गए, लेकिन जिस अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. इतनी कम उम्र में इतनी निडर बल्लेबाज़ी बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलती है.
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में जब वैभव को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली, तब भी सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं की हुई. मैदान पर उन्हें पानी पिलाते और साथी खिलाड़ियों के साथ बैठे देखा गया, लेकिन सोशल मीडिया पर लाखों क्रिकेट प्रशंसक लगातार यही सवाल पूछते रहे कि वैभव सूर्यवंशी कहाँ हैं? कई लोगों ने तो सिर्फ इस उम्मीद में पूरा मैच देखा कि शायद उन्हें खेलने का मौका मिल जाए.
यही किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी लोकप्रियता होती है. जब मैदान पर न खेलने वाला खिलाड़ी भी मैच का सबसे चर्चित चेहरा बन जाए, तो समझिए कि वह सिर्फ टीम का हिस्सा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की उम्मीद बन चुका है.
वैभव की तारीफ सिर्फ प्रशंसक ही नहीं कर रहे. भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों से लेकर दुनिया के बड़े खिलाड़ियों तक उनकी प्रतिभा की चर्चा हो रही है. सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने उनकी क्षमता की सराहना की है. विदेशी खिलाड़ियों ने भी माना है कि इतनी कम उम्र में इतना आत्मविश्वास और इतनी साफ बल्लेबाज़ी बहुत कम देखने को मिलती है.
आईपीएल में जब वैभव ने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज़ों के खिलाफ बड़े शॉट लगाए, तब ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी उनकी बल्लेबाज़ी से प्रभावित दिखाई दिए. क्रिकेट जगत में चर्चा शुरू हो गई कि इतनी कम उम्र में इतनी परिपक्व बल्लेबाज़ी आखिर आती कहाँ से है.
क्रिकेट के इतिहास में कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी पहले भी आए हैं, लेकिन हर खिलाड़ी करोड़ों लोगों की उम्मीद नहीं बन पाता. वैभव सूर्यवंशी के साथ कहानी अलग है। लोग सिर्फ उनके रन नहीं देख रहे, बल्कि उनके भीतर भारत के क्रिकेट का भविष्य तलाश रहे हैं.
एक तरफ रोनाल्डो और मेसी दुनिया को बता रहे हैं कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, तो दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी यह साबित कर रहे हैं कि प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती. 15 साल का यह खिलाड़ी आज उस मुकाम पर खड़ा है, जहाँ पूरा क्रिकेट जगत उसकी अगली पारी का इंतजार कर रहा है. अगर यही निरंतरता बनी रही, तो आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं.