अलीगढ़ : यूपी के अलीगढ़ से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. रोडवेज बस चला रहे ड्राइवर की अचानक कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई. उस समय बस में तकरीबन 50 यात्री सवार थे. ड्राइवर की तबीयत बिगड़ते ही बस बेकाबू हो गई और दूसरी लेन की ओर जाने लगी. बस में बैठे सभी यात्रियों की सांसें थम गईं, क्योंकि ड्राइवर अचानक अपना होश खो बैठे थे.
लेकिन बस में ही सवार एक पूर्व आर्मी मैन ने ऐसी सूझबूझ दिखाई कि बस में बैठे सभी लोगों की जान बच गई. उन्होंने तुरंत ड्राइवर को हटाकर स्टीयरिंग संभाल लिया और बस को सुरक्षित रोक दिया. उनकी सतर्कता की वजह से करीब 50 यात्रियों की जान बच गई, हालांकि, ड्राइवर को नहीं बचाया जा सका.
बस रुकते ही यात्रियों ने ड्राइवर को नीचे उतारकर सीपीआर देने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने परb डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक चालक मथुरा के रहने वाले थे और पिछले 14 वर्षों से संविदा पर रोडवेज में कार्यरत थे. शुक्रवार सुबह अलीगढ़ पहुंचने के दौरान बस चलाते समय उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई.
यह घटना बताती है कि संकट की घड़ी में सूझबूझ और साहस कितनी बड़ी भूमिका निभाते हैं. एक पूर्व आर्मी मैन की तत्परता और प्रशिक्षण ने कुछ ही सेकंड में बड़ा फैसला लिया और करीब 50 यात्रियों की जान बचा ली. अगर उन्होंने समय रहते स्टीयरिंग नहीं संभाली होती, तो यह हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था.