नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा को आज पद्मश्री से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में 'हिटमैन' को भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान प्रदान किया. रोहित 39 वर्षीय बल्लेबाज इस सम्मान के लिए मई के पहले चरण में नहीं आ पाए थे, लेकिन आज पत्नी रितिका सजदेह के साथ पूरे परिवारिक जोश के साथ समारोह में शामिल हुए.
अवॉर्ड लेते समय रोहित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झुककर प्रणाम किया और पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्कान बिखेरते रहे. आज का दिन रोहित के लिए बेहद खास है. ठीक 19 साल पहले 23 जून 2007 को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. आज उसी तारीख को उन्हें पद्मश्री मिला. यह संयोग क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर रहा है. रोहित तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी कर चुके हैं. उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने T20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती. उन्होंने टेस्ट और T20I से संन्यास ले लिया है और फिलहाल वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
रोहित की उपलब्धियां
रोहित अब सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों वाले खास क्लब में शामिल हो गए हैं, जहां लगभग 40 भारतीय क्रिकेटरों को पद्मश्री मिल चुका है. समारोह में हॉकी स्टार सविता पुनिया को भी पद्मश्री मिला, जबकि टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण प्रदान किया गया.