इजरायल के तेल अवीव में बड़ा हमला, एयर इंडिया की फ्लाइट अबू धाबी डायवर्ट, 6 मई तक उड़ानें रद्द

Amanat Ansari 04 May 2025 06:23: PM 2 Mins
इजरायल के तेल अवीव में बड़ा हमला, एयर इंडिया की फ्लाइट अबू धाबी डायवर्ट, 6 मई तक उड़ानें रद्द

नई दिल्ली: इजरायल के तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे के पास रविवार को बड़ा मिसाइल हमला हुआ है. मीडिया रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि हमले के बाद दिल्ली से तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की प्लेन को अबू धाबी डायवर्ट कर दिया गया है. इस हमले के बाद एयर इंडिया ने तत्काल प्रभाव से 6 मई 2025 तक तेल अवीव के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दीं. यह मिसाइल हमला यमन के हूती विद्रोहियों ने किया, जिसके कारण हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया और यात्रियों में दहशत फैल गई. एयर इंडिया ने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया.

मिसाइल हमले से हड़कंप

एयर इंडिया की उड़ान AI139, जो बोइंग 787 विमान से संचालित हो रही थी, तेल अवीव में उतरने से करीब एक घंटे पहले जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में थी. तभी बेन गुरियन हवाई अड्डे के पास मिसाइल हमले की खबर आई. सुरक्षा कारणों से उड़ान को अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया. एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, "उड़ान AI139 सुबह बेन गुरियन हवाई अड्डे पर हुए हादसे के कारण अबू धाबी डायवर्ट की गई. विमान सुरक्षित रूप से अबू धाबी में उतर चुका है और जल्द ही दिल्ली लौटेगा."

हमले के बाद तेल अवीव से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान भी रद्द कर दी गई. एयर इंडिया ने 3 से 6 मई 2025 के बीच बुक किए गए टिकटों वाले यात्रियों को एक बार रीशेड्यूलिंग या पूर्ण रिफंड की सुविधा देने का ऐलान किया है. एयरलाइन ने कहा, "हमारी प्राथमिकता यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा है."

हूती ने ली हमले की जिम्मेदारी

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस मिसाइल हमले की जिम्मेदारी ली. उन्होंने दावा किया कि यह हमला गाजा में इजरायल के सैन्य अभियानों के खिलाफ फिलिस्तीनियों के समर्थन में किया गया. मिसाइल टर्मिनल 3 के पार्किंग क्षेत्र के पास एक सड़क पर गिरी, जिससे कई मीटर चौड़ा और गहरा गड्ढा बन गया. इजरायल की आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस हमले में चार लोग घायल हुए, जबकि दो अन्य लोग शेल्टर की ओर भागते समय चोटिल हुए.

इजरायल के वरिष्ठ पुलिस कमांडर यायर हेट्जरोनी ने पत्रकारों को घटनास्थल पर बनाए गए गड्ढे को दिखाया और बताया कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, हमले के बाद हवाई अड्डे पर कुछ समय के लिए हवाई यातायात रोक दिया गया. इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने हमले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "जो कोई हमें नुकसान पहुंचाएगा, हम उसे सात गुना ज्यादा नुकसान पहुंचाएंगे."

स्थानीय मीडिया के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को सुरक्षा मंत्रियों और रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे ताकि इस हमले का जवाब देने की रणनीति बनाई जाए. यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इजरायल गाजा में अपने सैन्य अभियान को और बढ़ाने की योजना बना रहा है. गाजा में मार्च 2025 में दो महीने के युद्धविराम के बाद फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू हुई थी, जिसके जवाब में हूती विद्रोहियों ने इजरायल पर और हमले की बता कही.

अन्य उड़ानों पर भी असर

एयर इंडिया के अलावा, टीयूएस एयरवेज, लुफ्थांसा ग्रुप, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, स्विस और ब्रसेल्स एयरलाइंस ने भी अपनी उड़ानें रद्द कर दीं. न्यूयॉर्क के नेवार्क और जेएफके हवाई अड्डों के लिए जाने वाली कुछ उड़ानें करीब 90 मिनट की देरी से रवाना हुईं. हवाई अड्डे पर हवाई यातायात एक घंटे बाद बहाल हो गया, लेकिन कई यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा.

Air India Tel Aviv missile attack Houthi rebels Ben Gurion Airport

Recent News