<meta name="news_keywords" content="Ajay Rai, Aradhana Mishra, Uttar Pradesh Congress, UP Congress chief change, Rahul Gandhi, BJP, 2027 Uttar Pradesh Assembly election, Pindra Assembly constituency. ajay rai reaction to being removed as up congress president"/>
लखनऊ/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हुए कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और बदलाव प्रक्रिया का हिस्सा है. कांग्रेस ने उनके स्थान पर विधायक आराधना मिश्रा को यूपी इकाई की कमान सौंपी है. अजय राय ने कहा, “यह पार्टी का फैसला है. समय-समय पर बदलाव और परिवर्तन होते रहते हैं. हम पार्टी के सिपाही हैं. हम दिन-रात पार्टी को मजबूत करने और राहुल गांधी को ताकत देने के लिए काम कर रहे हैं.”
बीजेपी को हराने का लक्ष्य
राय ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी इन मुद्दों पर काम कर रही है और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने की तैयारी कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया, “मेरा लक्ष्य सिर्फ एक है—बीजेपी को हराना और मोदी को बाहर निकालना.”
उन्होंने कहा कि उन्हें पद से हटाए जाने का कोई मुद्दा नहीं है और पार्टी नेतृत्व का जो भी फैसला होगा, वे उसे स्वीकार करेंगे. अगर पार्टी उन्हें कोई और बड़ी जिम्मेदारी या राष्ट्रीय नेतृत्व में जगह देती है, तो वह भी पार्टी का फैसला होगा. उन्होंने अब तक दी गई सभी जिम्मेदारियों को ठीक से निभाने का दावा किया
आराधना मिश्रा पर क्या कहा?
नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वे उसे पूरा करेंगी. उन्होंने आराधना मिश्रा को “बहुत समझदार और मेहनती महिला” बताया और कहा, “उन्हें हमारा पूरा समर्थन और सहयोग है.”
पिंडरा से लड़ेंगे चुनाव
अजय राय ने दोहराया कि वे पिंडरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा, “पिंडरा विधानसभा मेरा घर और परिवार है. मेरा राजनीतिक जन्म भी वहीं हुआ. मैं अंतिम सांस तक इससे जुड़ा रहूंगा और पूरे विश्वास के साथ वहां से चुनाव लड़कर जीत हासिल करूंगा.”
यूपी कांग्रेस में हुए इस बदलाव के बाद अजय राय के इस सकारात्मक रवैये से पार्टी में एकजुटता का संदेश जाने की उम्मीद जताई जा रही है.