मौसम का बदला मिजाज! कल भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-दिल्ली में लू का कहर रहेगा जारी

Amanat Ansari 25 May 2026 09:28: PM 1 Mins
मौसम का बदला मिजाज! कल भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-दिल्ली में लू का कहर रहेगा जारी

नई दिल्ली/कोलकाता: कल यानी 26 मई मंगलवार को देश के कई हिस्सों में मौसम का बिगड़ता मिजाज दिखाई देगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, वहीं उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा.

IMD की ताजा चेतावनी के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है. असम-मेघालय में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है.

बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश के साथ 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दक्षिण भारत में केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश जारी रहेगी. केरल में कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. मछुआरों को समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा बताया गया है.

उत्तर भारत में गर्मी का सितम

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में लू का प्रकोप बरकरार रहेगा. पश्चिम राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की आशंका है. दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की उम्मीद है. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात बाधित होने की संभावना है, जबकि लू वाले इलाकों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं. अपने शहर का मौसम अपडेट चेक करते रहें.

Weather Rain IMD Heat Heatwaves