अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। लखनऊ पुलिस मुख्यालय (पुलिस भवन कल्याण) में तैनात एसपी (आईपीएस) आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की उनके पैतृक आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के रुढ़ा धमरुआ गांव की है। शुरुआत में परिजनों को दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने की सूचना दी गई थी, लेकिन जब आईपीएस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव की स्थिति देखी, तो मामला हत्या और लूटपाट का निकला। मृतका के मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था और उनके शरीर से लाखों के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
घर का दरवाजा बाहर से था बंद, नौकरानी ने देखा शव जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे जब घर पर काम करने वाली नौकरानी पहुंची, तो मुख्य दरवाजे पर बाहर से सिटकनी/ताला लगा हुआ था। दरवाजा खोलकर जब वह अंदर पहुंची, तो बरामदे में चारपाई पर इंद्रावती बेसुध पड़ी थीं। उनके मुंह से खून निकल रहा था और एक हरा तौलिया/कपड़ा उनके मुंह में ठुंसा हुआ था। हो-हल्ला मचने पर आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
आईपीएस आशुतोष मिश्रा के चाचा सचिंद्र मिश्रा ने दोपहर बाद करीब 3:50 बजे फोन कर उन्हें मां की तबीयत बिगड़ने व हार्ट अटैक से मौत होने की प्राथमिक सूचना दी। सूचना मिलते ही आईपीएस अधिकारी लखनऊ से सीधे अपने पैतृक गांव पहुंचे।
FIR में लूट और हत्या का आरोप गांव पहुंचकर जब आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने अपनी मां के शव का मुआयना किया, तो होठों पर चोट के निशान मिले और उनके पहने हुए सभी जेवरात गायब थे। गायब गहनों में सोने की चेन, सोने के मोतियों से जड़ी तुलसी की माला, नाक की कील, सोने के टॉप्स और चांदी की पायल शामिल हैं।
आईपीएस आशुतोष मिश्रा की तहरीर पर मालीपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूट की संगीन धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस महकमे में हड़कंप, संदिग्ध हिरासत में जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्राची सिंह समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम ने मौके का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की पड़ताल के लिए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सर्विलांस इनपुट के आधार पर वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।