नेपाल में एवरेस्ट क्षेत्र में दो हेलीकॉप्टर टकराए, एक भारतीय पर्यटक की मौत

Amanat Ansari 03 Nov 2026 11:49 AM 1 Mins
नेपाल में एवरेस्ट क्षेत्र में दो हेलीकॉप्टर टकराए, एक भारतीय पर्यटक की मौत

काठमांडू/नई दिल्ली: नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो छोटे हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इस दर्दनाक घटना में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए.

सोलुखुम्बू जिला पुलिस के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार करीब सुबह 8:11 बजे खम्बू पासंग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-4 स्थित फेरिचे में हुआ. दोनों हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी (Dynasty Air) के थे. पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलरामरामाडु (चेन्नई, तमिलनाडु) के रूप में हुई है, जो फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे.

इसी हेलीकॉप्टर में सवार 49 वर्षीय न्यूजीलैंड के भारतीय मूल के नागरिक शैलेश कृष्णा पटेल घायल हुए. उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया. दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट रबिंद्र प्रजापति (फिशटेल एयर) और प्रज्ज्वल केसी (एयर डायनेस्टी) भी घायल हुए हैं और उन्हें काठमांडू ले जाया गया है. मृतक के शव को लुक्ला के अस्पताल ले जाया गया.

पुलिस ने एएफपी को बताया कि एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ. सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लैंडिंग का इंतजार कर रहे लोगों के सामने दोनों हेलीकॉप्टर अचानक टकराते दिखे. टक्कर के बाद दोनों के रोटर उड़ गए और वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई.

नेपाल में पर्यटकों, पर्वतारोहियों और लॉजिस्टिक्स के लिए छोटे हेलीकॉप्टरों का व्यापक इस्तेमाल होता है. हालांकि बर्फीले इलाके और चुनौतीपूर्ण मौसम में इनकी उड़ान जोखिम भरी मानी जाती है. यह घटना एवरेस्ट ट्रेकिंग सीजन के दौरान हुई है. अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.

Recent News