ग्वालियर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. शीतला माता मंदिर जा रहे करीब 40 श्रद्धालुओं को ओवरलोडेड बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया. इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए. इनमें से 5-6 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे हुई. छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर तेज ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना मना है. धान से लदा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़ते हुए अनियंत्रित हो गया और नीचे की ओर आते हुए मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया.
सड़क पर खड़े श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए. मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक में क्षमता से ज्यादा सामान लदा था. वह अचानक आया और दुकानों व लोगों को कुचल दिया. मौके पर चीख-पुकार मच गई.
प्रशासन की कार्रवाई
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नवरात्रि के दौरान उस सड़क पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट मौजूद थे. ट्रक कैसे अंदर आ गया, इसकी जांच की जा रही है. RTO टीम मैकेनिकल जांच के लिए भेजी गई है. कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया.
मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं. जिला कलेक्टर, एसएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं. यह हादसा नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हुआ, जिससे इलाके में मातम छा गया है.