नई दिल्ली : पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच रह चुके संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ के क्रिकेट करियर में एक बड़ा मोड़ आया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी मौजूदा नीति के तहत अनाया को मार्च 2027 से एलीट विमेंस क्रिकेट खेलने के लिए योग्य माना है. इस फैसले के बाद उनके लिए ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट के उच्च स्तर पर वापसी का रास्ता खुल गया है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मंजूरी अनाया के लिए इसलिए अहम है, क्योंकि इससे वह ऑस्ट्रेलिया की घरेलू महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगी. आगे चलकर उनके लिए महिला बिग बैश लीग यानी WBBL में खेलने की संभावना भी बन सकती है. हालांकि, अभी WBBL में उनकी एंट्री तय नहीं हुई है. किसी फ्रेंचाइजी में जगह बनाने के लिए उन्हें पहले ऑस्ट्रेलिया में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलना होगा और अपनी फिटनेस तथा प्रदर्शन से खुद को साबित करना होगा.
अनाया बांगड़ पहले भी क्रिकेट से जुड़ी रही हैं और अब उनकी नजर एक बार फिर मैदान पर वापसी करने पर है. ऑस्ट्रेलिया में एलीट विमेंस क्रिकेट खेलने की पात्रता मिलने के बाद उनके सामने अपने खेल को नए स्तर पर साबित करने का मौका होगा.
अनाया की पहले और अब की तस्वीरों में भी काफी बदलाव नजर आता है. क्रिकेट में उनकी वापसी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा तेज है.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट के दौरान अनाया कैसा प्रदर्शन करती हैं और क्या उनका खेल WBBL फ्रेंचाइजी का ध्यान खींच पाता है. यदि वह फिटनेस और प्रदर्शन के मोर्चे पर प्रभाव छोड़ने में सफल रहती हैं, तो आने वाले समय में महिला बिग बैश लीग में भी उनका नाम देखने को मिल सकता है.