अहमदाबाद: संभावित खाद्य विषाक्तता (Food Poisoning) के एक मामले में, अहमदाबाद जिले के एक गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्नैक खाने से लगभग 100 लोग बीमार पड़ गए. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. जिला महामारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. चिंतन देसाई ने बताया कि राजपुरा गांव के 96 निवासियों को गुरुवार की सुबह बहुत जल्दी अस्पताल ले जाया गया.
वे बुधवार रात को धार्मिक कार्यक्रम में 'सेव-खमणी' (एक गुजराती स्नैक) खाने के बाद बीमार पड़ गए थे. उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों में से 38 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. डॉ.
देसाई ने बताया कि सभी भर्ती मरीजों की हालत स्थिर है. स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई थी, जब रात के आखिरी पहर में उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायतें आने लगीं. अस्पताल ले जाए गए 96 लोगों के अलावा, जिन 214 अन्य गांववालों ने भी वह स्नैक खाया था, उन्हें भी रोकथाम के तौर पर इलाज दिया गया.
पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी गई है. अधिकारी ने बताया कि एक टीम ने कारण पता लगाने के लिए खाने और पानी के सैंपल ले लिए हैं. मामले में आगे की जांच की जा रही है.