बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने शादी के बहाने एक मजदूर युवक के साथ पूरी साजिश रची और सुहागरात की रात ही सब कुछ लूटकर फरार हो गई. जब पीड़ित युवक नींद से जागा तो बिस्तर पर पत्नी नहीं थी. पूरे घर में तलाश करने पर भी उसका कहीं अता-पता नहीं चला. जब उसने अलमारी और रखी हुई चीजें चेक कीं तो देखा कि सारी कीमती जेवरात और नकदी गायब थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
सदमे में युवक ने तुरंत अपने परिजनों को बताया और मामले की जानकारी पुलिस को दी. पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह गांव में मजदूरी करके परिवार चलाता है. गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके बेटे की शादी तय कराने के नाम पर उससे 50 हजार रुपए लिए. बिचौलिए ने बताया कि लड़की फतेहपुर जिले की है और शादी यहीं बांदा में ही कराई जाएगी. पीड़ित परिवार ने शादी की सारी तैयारियां शुरू कर दीं.
दुल्हन के लिए और खुद के लिए भी लगभग 30 हजार रुपए के कपड़े और अन्य सामान खरीदा गया. जेवरात भी बनवाए गए. तीन जनवरी को दुल्हन अपने कथित भाई और मौसी के साथ गांव पहुंच गई. पूरे गांव में मेहमान बुलाए गए और अगले दिन धूमधाम से शादी हो गई. शादी के बाद चार-पांच दिन तक सभी लोग वहीं रुके रहे. पांच जनवरी की रात को जब पीड़ित युवक थकान के कारण गहरी नींद में सो गया, उसी दौरान दुल्हन, उसके कथित भाई और मौसी चुपके से उठे. उन्होंने घर में रखे सारे जेवर और नकदी उठाई और बिना किसी को कुछ बताए वहां से गायब हो गए.
सुबह जब युवक जागा तो न सिर्फ पत्नी गायब थी, बल्कि सारा सामान भी लापता था. जब वह शादी कराने वाले बिचौलिए के घर पहुंचा तो वह भी फरार मिला. सभी आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद पाए गए. आखिरकार पीड़ित युवक थाने पहुंचा. पहले सुनवाई न होने पर वह डिप्टी एसपी के पास गया. इसके बाद बिसंडा पुलिस ने लुटेरी दुल्हन, उसके साथ आए दोनों लोगों और बिचौलिए समेत चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.