बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तहलका मचाएंगे अश्विन, 1-2 नहीं, 6 बड़े रिकार्ड्स पर होगी नजर

Global Bharat 17 Sep 2024 06:00: PM 2 Mins
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तहलका मचाएंगे अश्विन, 1-2 नहीं, 6 बड़े रिकार्ड्स पर होगी नजर

टीम इंडिया के स्टार ऑफ स्पिनर, और दुनिया के नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन बांग्लादेश के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज में इतिहास रचने के करीब हैं. यह सीरीज 19 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू हो रही है. अश्विन को इस सीरीज में कई रिकॉर्ड तोड़ने का मौका मिलेगा, 1-2 नहीं, बल्कि अश्विन बांग्लादेश के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में कुल 6 रिकार्ड्स अपने नाम कर सकते हैं. 

भारत में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं अश्विन 

अश्विन ने अब तक भारतीय टीम के लिए भारतीय जमीन पर 126 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमे उनके नाम 455 विकेट है. अगर अश्विन इस सीरीज में 22 विकेट लेते हैं, तो वह भारत के महान गेंदबाज अनिल कुंबले (476 विकेट) को पीछे छोड़कर भारत में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है.

कोर्टनी वॉल्श और नाथन लायन को पछाड़ने का मौका

अश्विन के नाम टेस्ट क्रिकेट में अब तक 516 विकेट दर्ज हैं. अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ चार विकेट और लेते हैं, तो वह वेस्टइंडीज के महान गेंदबाज कोर्टनी वॉल्श (519 विकेट) को पीछे छोड़ देंगे. इसके अलावा, अगर अश्विन 15 विकेट हासिल करते हैं, तो वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज नाथन लायन (530 विकेट) को भी पछाड़ देंगे.

शेन वॉर्न के रिकॉर्ड की बराबरी

इस सीरीज में अगर अश्विन दो बार 5 विकेट हॉल लेते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के बाद दूसरे स्थान पर आ जाएंगे. मुरलीधरन ने 67 बार 5 विकेट लिए हैं, जबकि अश्विन के नाम अभी 37 बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड है.

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में भी रिकॉर्ड

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में अश्विन पहले ही 174 विकेट ले चुके हैं. अगर वह 14 और विकेट लेते हैं, तो वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड नाथन लायन के नाम है, जिन्होंने WTC में 187 विकेट लिए हैं.

इसके अलावा, WTC 2023-25 के चक्र में अश्विन अब तक 42 विकेट ले चुके हैं. अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ 10 और विकेट लेते हैं, तो वह इस चक्र के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. इस समय यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड के नाम है, जिन्होंने 51 विकेट लिए हैं.

WTC में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड

अश्विन के पास WTC के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने का भी मौका है. उन्होंने अब तक WTC में 10 बार 5 विकेट लिए हैं, जो नाथन लायन के बराबर है. अगर वह इस सीरीज में एक बार और पंजा खोल लेते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड में लायन को पीछे छोड़ देंगे.

बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट

भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड इस समय जहीर खान के नाम है, जिन्होंने 31 विकेट लिए हैं. अश्विन अब तक बांग्लादेश के खिलाफ 23 विकेट ले चुके हैं. अगर वह इस सीरीज में 9 विकेट लेते हैं, तो वह जहीर खान को पछाड़कर बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे.

Recent News