''बहू ने सिर झुका दिया, अब कोई रिश्ता नहीं...'' अयोध्या ज्वेलरी शॉप लूटकांड में बुर्के वाली महिला के ससुर का आया बयान

Amanat Ansari 05 Apr 2026 06:12: PM 3 Mins
''बहू ने सिर झुका दिया, अब कोई रिश्ता नहीं...'' अयोध्या ज्वेलरी शॉप लूटकांड में बुर्के वाली महिला के ससुर का आया बयान

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार, 2 अप्रैल को महेश ज्वेलर्स से 26 ग्राम सोने के गहनों की लूट का मामला सामने आया था. रुदौली क्षेत्र के कोठी बाजार मोहल्ला निवासी महेश अग्रवाल के कॉम्प्लेक्स स्थित ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर आई एक महिला द्वारा लूट की घटना ने विवाद खड़ा कर दिया. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठने लगे. मामले की जांच में सामने आया कि कोटिया के सुब्बा गांव की रहने वाली पायल ने बुर्का पहनकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले में उसके प्रेमी राहुल ने भी उसका साथ दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

अब इस मामले में पायल के ससुर हरिराम का बयान सामने आया है. उन्होंने पायल से सभी रिश्ते खत्म करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि बहू ऐसा कर सकती है, इसका हमें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था. उसने हमारा सिर झुका दिया. अब उससे कोई रिश्ता नहीं रहा. हम उसे घर नहीं लाएंगे. हरिराम पंजाब में रहकर काम करते हैं. उन्होंने बहू को लेकर पूछे गए सवाल पर नाराजगी जताई.

उन्होंने बताया कि बेटे के काम पर चले जाने के बाद पायल बिना बताए घर से बाहर निकल जाती थी और फिर घंटों तक गायब रहती थी. ससुर का कहना है कि जब हम उसके गायब रहने के बारे में सवाल करते थे, तो वह जवाब देने की बजाय बहस करने लगती थी. वह लंबे समय तक फोन पर बात करती रहती थी, लेकिन किससे बात करती थी, यह साफ नहीं था. उन्होंने कहा कि उसके इस तरह के व्यवहार का हमें पहले कोई अंदेशा भी नहीं था.

हरिराम का पूरा परिवार पंजाब में रहकर सिलाई का काम करता है. पायल के ससुराल कोटिया के सुब्बा गांव में घर पर ताला लटका हुआ है. परिवार के सभी सदस्य पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं. उन्हें पायल के इस घटना में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं थी. घटना के बाद जब लोगों ने उन्हें बताया, तब वे भी हैरान रह गए.

पिछले साल हुई थी शादी

ससुर हरिराम ने बताया कि उनके बेटे दीपू के साथ पायल की शादी अप्रैल 2025 में हुई थी. दीपू अपने बड़े भाई के साथ पंजाब के मोगा में रहता है और वहां सिलाई का काम करता है. शादी के बाद पायल का मन ससुराल में नहीं लगा. हरिराम ने बताया कि महज तीन महीने ही वह उनके साथ रही. जब भी उसे पंजाब बुलाया जाता, वह बीमार रहने की बात करने लगती और मायके जाने की जिद करती. मायके पहुंचते ही वह ठीक हो जाती थी. ससुराल में उसके व्यवहार से भी लोगों को आश्चर्य होता था. वह छोटी-छोटी बातों पर जेठानी से झगड़ा करने लगती थी.

इंटर परीक्षा देने आई थी मायके

पायल का मायका अयोध्या जिले के मथाना निवादा के अहिबरन का पुरवा गांव है. वह 16 मार्च को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए मायके आई थी. 2 अप्रैल की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है. ससुर हरिराम का कहना है कि पायल का अपने पति के प्रति व्यवहार अच्छा था. वह समय पर खाना बनाती थी और परिवार के बच्चों के साथ भी ठीक व्यवहार करती थी.

पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार...

अयोध्या के महेश ज्वेलर्स से गन दिखाकर ज्वेलरी लूट के मामले ने सनसनी मचा दी थी. पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पांच टीमों ने जांच शुरू की और 60 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. जांच में एक बाइक पर बुर्काधारी महिला के बैठकर जाते हुए देखा गया. बाइक का नंबर निकालकर लोकेशन ट्रेस की गई. इसके आधार पर पुलिस परान का पुरवा गांव पहुंची और राहुल को गिरफ्तार किया.

पुलिस की पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके साथ पायल नाम की लड़की थी. इसके बाद मथाना निवादा के अहिबरन का पुरवा गांव से पायल को भी गिरफ्तार कर लिया गया.  पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी के सोने के गहने और नकली पिस्टल बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया गया है.

Ayodhya Burqa Woman Ayodhya theft case Ayodhya jewelers theft Burqa Woman Payal