समाजवादी पार्टी के नेता और फैजाबाद के सांसद (Faizabad MP) अवधेश प्रसाद (Awadhesh Prasad) ने बुधवार को कहा कि अयोध्या प्रशासन ने उन्हें दीपोत्सव कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया. उन्होंने भाजपा पर "त्योहारों का राजनीतिकरण" करने का आरोप लगाया. अवधेश प्रसाद ने कहा कि मैं दिवाली के अवसर पर अयोध्या के सभी निवासियों को शुभकामनाएं देता हूं. मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि मैं यहां से चुना गया.
उन्होंने कहा कि भाजपा (BJP) हमारे त्योहारों का भी राजनीतिकरण कर रही है. मुझे उम्मीद है कि यह भाईचारे का त्योहार होगा. भाजपा इस त्योहार का राजनीतिकरण कर रही है और लोगों को बांट रही है. मुझे दीपोत्सव के लिए कोई पास या निमंत्रण नहीं मिला है. यह त्योहार किसी एक समुदाय का नहीं है. मैं आज अयोध्या जाऊंगा. मुझे दीपोत्सव के लिए कोई पास या निमंत्रण नहीं मिला है.
अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या, एक महत्वपूर्ण हिंदू आध्यात्मिक केंद्र है, जो फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. बता दें कि भाजपा के लिए एक बड़ा चुनावी झटका तब लगा जब जून में हुए लोकसभा चुनावों में अवधेश प्रसाद ने लल्लू सिंह को हराया. दीपोत्सव उत्सव का आयोजन यूपी सरकार द्वारा किया जाता है, जिसमें दिवाली के अवसर पर सरयू नदी के तट पर लाखों दीये जलाए जाते हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार इस साल आज शाम सरयू नदी के किनारे 28 लाख से अधिक दीये जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. अयोध्या में दीपोत्सव समारोह बुधवार को रामायण के दृश्यों को दर्शाती एक दर्जन से अधिक झांकियों के जुलूस के साथ शुरू हुआ. यह अयोध्या में दीपोत्सव का आठवां संस्करण है और इस साल जनवरी में राम मंदिर के अभिषेक के बाद पहली दिवाली है.