रामपुर: जेल में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की तबीयत शुक्रवार को अचानक खराब हो गई. उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी. सूचना मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आया और उन्हें तुरंत जेल अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों की सलाह पर बाहर से नेबुलाइजर मंगवाया गया और तत्काल दिया गया. जेलर सुनील कुमार ने बताया कि आजम खान को हर जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और आगे भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
गौरतलब है कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और दो पैनकार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा हुई है. दोनों इसी मामले में रामपुर जेल में बंद हैं.
इसी बीच जेल के अंदर एक नया विवाद खड़ा हो गया. आजम खान ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर मुलाकात कक्ष में कुर्सी मांगी, लेकिन जेल मैनुअल का हवाला देते हुए प्रशासन ने इजाजत नहीं दी. इससे नाराज आजम ने अपने बेटे और बहन से मिलने से ही इनकार कर दिया. शुक्रवार को वैसे भी उनके नाम पर कोई मुलाकात पर्ची जारी नहीं हुई थी.
जेल सूत्रों के मुताबिक कुर्सी न मिलने की बात पर आजम काफी गुस्से में दिखे. इस छोटी-सी घटना ने जेल परिसर में खुसुर-फुसुर शुरू कर दी है.