थाने के अंदर पिता ने बेटी को मारा चाकू! दलित प्रेमी से शादी करने पर हत्या

Amanat Ansari 12 Jun 2026 07:12: PM 1 Mins
थाने के अंदर पिता ने बेटी को मारा चाकू! दलित प्रेमी से शादी करने पर हत्या

बांदा: यूपी के बांदा जिले में प्रेम विवाह को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बदौसा थाना क्षेत्र में पिता ने पुलिस स्टेशन के अंदर ही अपनी 19 वर्षीय बेटी को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया. पीड़िता शिवानी ने दलित युवक ललित वर्मा से प्रेम विवाह कर लिया था, जिसे उसके परिवार ने स्वीकार नहीं किया.

18 मई की रात शिवानी अपने प्रेमी ललित के साथ घर से भाग गई थी. इसके बाद दोनों ने मंदिर और रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी भी कर ली. युवती की मां रन्नो ने ललित के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. पुलिस शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के सतना से दोनों को गिरफ्तार कर बदौसा थाने लाई. 164 बयान और मेडिकल परीक्षण की तैयारी चल रही थी, तभी दोनों पक्षों के परिजन थाने पहुंच गए.

माता-पिता ने शिवानी को समझाने-बुझाने और डराने की कोशिश की, लेकिन जब शिवानी ने ललित का साथ न छोड़ने की जिद की तो पिता सत्यकुमार आक्रोश में आ गया. उसने चाकू से बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. युवती की मां ने पीछे से उसे पकड़ रखा था. शिवानी को गंभीर हालत में पहले अतर्रा सीएचसी और फिर बांदा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने आरोपी पिता सत्यकुमार को हिरासत में ले लिया है. उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है. एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया है. यह घटना जातीय पूर्वाग्रह और परिवार की कट्टरता की भयावह तस्वीर पेश करती है, जहां प्रेम विवाह करने वाली बेटी को थाने जैसे सुरक्षित स्थान पर भी नहीं बख्शा गया.

Banda Police Station Daughter murder Love marriage Banda crime

Recent News