मैं भाजपा का नेता हूं, ज्यादा शिकायत करोगी तो गोली मार दूंगा...दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ के बाद दी जान से मारने की धमकी

Global Bharat 03 Aug 2026 01:20: PM 1 Mins
मैं भाजपा का नेता हूं, ज्यादा शिकायत करोगी तो गोली मार दूंगा...दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ के बाद दी जान से मारने की धमकी

बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में एक विवाहिता ने खुद को भाजपा नेता बताने वाले युवक पर छेड़छाड़, चरित्रहनन और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. मामला शहर के कोतवाली क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2010 में हुई थी. उसका आरोप है कि उसके पति का दोस्त, सुर्खा बानखाना निवासी शिवम, काफी समय से उस पर बुरी नीयत रखता था और अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता था. जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने बदला लेने के लिए उसके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. महिला का कहना है कि आरोपी ने परिवार और आसपास के लोगों के बीच अश्लील बातें फैलाईं और यह झूठा दावा किया कि उसके अपनी नंदोई से अवैध संबंध हैं.  यहां तक कि उसने महिला की बेटी को भी उन कथित संबंधों का परिणाम बताकर बदनाम करने की कोशिश की. 

महिला का आरोप है कि उसने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में की. शिकायत देकर बाहर निकलते ही आरोपी रास्ते में मिला और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, मैं भाजपा का नेता हूं, ज्यादा शिकायत करोगी तो गोली मार दूंगा. महिला का कहना है कि यह धमकी एसएसपी कार्यालय के पास ही दी गई, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में आ गया.

पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस के अनुसार, महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी पर लगे सभी आरोप शिकायत और एफआईआर के आधार पर हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी.

Bareilly BJP Leader News Bareilly Harassment Case Friend Wife Harassment Bareilly BJP Leader Threat Case UP Bareilly SSP Office Threat News

Description of the author

Recent News