बलिया (उत्तर प्रदेश): भोजपुरी फिल्म अभिनेता और बिहार के भाजपा एमएलसी पवन सिंह शनिवार को परिवार न्यायालय में पेश नहीं हुए. पत्नी ज्योति सिंह के भरण-पोषण (मेंटेनेंस) मामले की सुनवाई में बार-बार गैर-हाजिर रहने पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए उन पर 3,000 रुपए का जुर्माना लगा दिया. अगली सुनवाई 12 नवंबर को तय की गई है.
करीब आठ साल पहले 6 मार्च 2018 को पवन सिंह की शादी बलिया के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री ज्योति से हुई थी. विवाह के कुछ दिनों बाद रिश्तों में दरार आ गई. पवन सिंह ने आरा कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की, जबकि ज्योति ने 22 अप्रैल 2022 को परिवार न्यायालय में भरण-पोषण की अर्जी लगाई. ज्योति ने कोर्ट में आरोप लगाया कि ससुराल में उनका उत्पीड़न किया गया और गर्भपात कराया गया.
उन्होंने 17 अक्टूबर 2019 से अब तक दैनिक खर्च और दवा-इलाज का एक भी पैसा न देने का आरोप लगाते हुए व्यक्तिगत व घर खर्च के लिए पांच लाख रुपए प्रति माह की मांग की है. 5 अक्टूबर को गैर-हाजिर रहने पर कोर्ट ने पहले 1,000 रुपए का जुर्माना लगाते हुए 17 अक्टूबर को पेशी का आदेश दिया था.
शनिवार को फिर अनुपस्थित रहने पर अधिवक्ता ने मां की तबियत खराब होने का हवाला दिया, लेकिन कोर्ट ने बार-बार हाजिर न होने पर 3,000 रुपए जुर्माना लगा दिया. ज्योति सिंह अपने वकील के साथ कोर्ट में मौजूद रहीं. उन्होंने पवन सिंह पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके न्यायिक प्रक्रिया का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया. यह मामला लंबे समय से चर्चा में है. दोनों के बीच कानूनी लड़ाई जारी है.